द क्रिकेट गुरुकुल ने यंगिस्टर को हराया
फरीदाबाद। पाली स्थित रविंद्र फागना क्रिकेट अकादमी में खेले गए 5वें अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में द क्रिकेट गुरुकुल ने यंगिस्टर इलेवन टीम को आठ विकेट से हरा दिया। मैच में शानदार प्रदर्शन करने के लिए मोहित भाटी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कोच धर्मेंद्र फागना ने बताया कि यंगिस्टर इलेवन ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 33.4 ओवर में 10 विकेट पर 89 रन बनाए। बल्लेबाज कुणाल तंवर ने 41 रन, शुभम राजपूत ने 13 रन और मेहुल ने आठ रन बनाए। द क्रिकेट गुरुकुल के गेंदबाज मोहित भाटी और मोहित खटाना ने तीन-तीन विकेट, अनुज भारद्वाज व अर्ध्या गुप्ता ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी द क्रिकेट गुरुकुल टीम ने 23.5 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाकर जीत हासिल की। बल्लेबाज हरजीत चंदिला ने 39 रन और लक्ष्य नागर ने 35 रन बनाए। यंगिस्टर इलेवन के गेंदबाज ध्रुव सेंगर ने एक विकेट लिया। मोहित भाटी ने छह ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट चटकाए। ब्यूरो