फरीदाबाद। पाली गांव स्थित रविंद्र फागना क्रिकेट मैदान पर खेले गए छठे ऑल इंडिया रविंद्र फागना अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मैच में द क्रिकेट गुरुकुल ने एसकेजेसीए को सात विकेट से हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में क्रिकेट एसोसिएशन नूंह ने पलवल बार एसोसिएशन को 43 रन हराया।
कोच धर्मेंद्र फागना ने बताया कि यह मैच 40-40 ओवर का था। द क्रिकेट गुरुकुल ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। एसकेजेसीए टीम ने 38 ओवर में 10 विकेट खोकर 126 रन बनाए। साजिद सैफी ने 31 रन, आर्यन गुप्ता ने 20 रन ओर विवेक ने 19 रन बनाए। द क्रिकेट गुरुकुल की ओर से गेंदबाजी करते हुए उदय कुंडू ने तीन विकेट, दीपक भड़ाना ओर राहुल ने दो-दो विकेट, संदीप डागर और जितेंद्र पाल ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए द क्रिकेट गुरुकुल की टीम ने 28 ओवर में तीन विकेट में 127 रन बनाकर जीत हासिल की। अहान ने 53 रन, घनश्याम उपाध्याय ने 29 रन बनाए। एसकेजेसीए की ओर से गेंदबाजी करते हुए संदर्भ सूद ने दो विकेट ओर सचिन कुमार ने एक विकेट ली। उदय कुंडू को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
दूसरा मुकाबला पलवल बार एसोसिएशन और क्रिकेट एसोसिएशन नूंह के बीच खेला गया। क्रिकेट एसोसिएशन नूंह की टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 237 रन बनाए। बल्लेबाज नदीम अजमत ने 124 रन की शतकीय पारी खेली, साजिद सैफी ने 39 रन ओर साबिर हुसैन ने 29 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पलवल बार एसोसिएशन की टीम को 20 ओवर में सात विकेट पर 194 रन बनाकर हार का सामना करना पड़ा। बल्लेबाज सन्नी ने 83 रन, सोनू कुमार ने 41 रन ओर रोहित डागर ने 35 रन की पारी खेली। मैन ऑफ द मैच नदीम अजमत को दिया गया।