एक दुकानदार ने निगम कर्मचारी के साथ की धक्का-मुक्की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। रविवार दोपहर सेक्टर-49 सैनिक कॉलोनी मार्केट में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। दुकानदारों ने अपनी सामान सड़क तक फैला रखा था, जिससे आने-जाने वालों को दिक्कत हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों ने दुकानों के सामने रखे टेबल, बेंच, खोखे और लकड़ी के ढांचे हटाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर लिए। इसी दौरान मोमोज बेचने वाला निशांत नेगी विरोध करने लगा और कर्मचारियों से धक्का-मुक्की करने लगा। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे थाने भेजा और सरकारी कार्य में बाधा डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
नगर निगम के अधिवक्ता सतीश आचार्य ने बताया कि दो माह पहले भी यहां मुनादी कर दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी, मगर नियमों की अनदेखी की गई। उन्होंने साफ किया कि सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने दुकानदारों को आगाह किया है कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर नुकसान खुद उठाना पड़ेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकान का सामान केवल उसकी सीमा तक ही रखें।