फरीदाबाद सेक्टर आठ जन्मेजा पार्क की जर्जर हालत । स्रोत: सेक्टरवासी
संबंधित विभागों को शिकायत देने के बावजूद नहीं दिया जा रहा ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-8 के साउथ एंड ईस्ट में जन्मेजा पार्क लंबे समय से बदहाल स्थिति का सामना कर रहा है। पार्क की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय निवासियों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई बार संबंधित विभागों को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
आरडब्ल्यूए महासचिव विजय प्रकाश ने बताया कि पार्क में जगह-जगह टूटी हुई दीवारें सुरक्षा के लिहाज से खतरा बनी हुई हैं। बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए झूले भी टूट चुके हैं, जिससे कारण बच्चों के लिए खतरा बना रहता है। इसके साथ ही पार्क में फैली गंदगी और नियमित सफाई के अभाव ने हालात को और खराब कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में मिट्टी और धूल के कारण सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को सांस लेने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विजय प्रकाश ने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पार्क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, झूलों को ठीक किया जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में समय बिता सकें।