विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। जिले के मोहना गांव में स्थित राजकीय महाविद्यालय मोहना की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। शिक्षा के इस मंदिर में छात्रों को मूलभूत सुविधाएं तक नसीब नहीं हो पा रही हैं। कॉलेज तक पहुंचने के लिए विद्यार्थियों को जर्जर सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। साथ ही, कॉलेज में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।
विद्यार्थियों ने बताया कि कॉलेज तक पहुंचने का रास्ता किसी परेशानी से कम नहीं है। खासकर छात्राओं के लिए यह रास्ता डर और असुरक्षा से भरा हुआ है। छात्रा पायल ने बताया कि उसे मोहना रोड से कॉलेज तक पैदल आना पड़ता है। जो एक सुनसान जंगल के बीचो-बीच है। रास्ते की हालत इतनी खराब है कि कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। वहीं, कॉलेज परिसर की सफाई व्यवस्था भी अत्यंत दयनीय है। चारों ओर गंदगी के ढेर लगे हैं, शौचालयों की हालत बेहद खराब है। कॉलेज में केवल एक सफाई कर्मचारी कार्यरत है, जो पूरी बिल्डिंग की सफाई करने में असमर्थ है। इसी कारण शौचालयों और अन्य कमरों में बदबू और गंदगी से पढ़ाई का माहौल पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
पीने के लिए नहीं है साफ पानी
कॉलेज में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। छात्रों को मजबूरी में बागवानी के लिए लगाए गए ट्यूबवेल के पानी से प्यास बुझानी पड़ती है। छात्र करण ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से कॉलेज में पढ़ रहा है, लेकिन उसने कभी कॉलेज का पानी नहीं पिया, क्योंकि यहां की मिट्टी के घड़े में गंदा पानी भरा रहता है।
भवन से टपकता है पानी, क्लास में नहीं हैं बेंच
कॉलेज की बिल्डिंग भी अब जर्जर होती जा रही है। कुछ ही वर्षों में इसके छत से पानी टपकने लगा है। मानसून के समय यह समस्या और विकराल हो जाती है। क्लासरूम में बेंचों की भी कमी है। परीक्षाओं के समय छात्रों को फर्श पर बैठकर उत्तर लिखने पड़ते हैं या फिर इधर-उधर से कुर्सियों का इंतजाम करना पड़ता है।
कॉलेज के प्रिंसिपल शमशेर सिंह गुलिया ने बताया कि छात्रों की समस्याओं के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग को कई बार पत्र लिखे गए हैं। सफाई कर्मचारी की कमी को लेकर भी संबंधित विभागों को अवगत कराया गया है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला है।