फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: नीट परीक्षा के बाद शहर की रफ्तार थमी, प्रमुख चौराहों और मेट्रो स्टेशनों पर बढ़ी भीड़

विज्ञापन
नीट परीक्षा के बाद एनआईटी-4 में लगा जाम।
विज्ञापन
19 केंद्रों पर करीब 5 हजार अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, शाम साढ़े पांच बजे पेपर खत्म होते ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशनों पर बढ़ा दबाव
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) समाप्त होने के बाद रविवार शाम फरीदाबाद में कई स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। शाम करीब 5.30 बजे परीक्षा समाप्त होते ही विद्यार्थी और उनके अभिभावक एक साथ सड़कों पर निकले जिससे प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर भीड़ दिखाई दी।
पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज सेक्टर-16, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी-5 सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों की आवाजाही अचानक बढ़ गई। कई अभिभावक निजी वाहनों से बच्चों को लेने पहुंचे थे जिसके कारण केंद्रों के आसपास कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थी प्रश्नपत्र और संभावित परिणामों को लेकर चर्चा करते नजर आए।
विज्ञापन


मुख्य चौराहों और सड़कों पर बढ़ा दबाव

शाम के समय नीलम चौक, बाटा चौक, हार्डवेयर चौक, अजरौंदा चौक और बड़खल मोड़ सहित कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों की संख्या बढ़ी रही। सेक्टर-15-16 रोड, नीलम-बाटा रोड, मथुरा रोड (एनएच-19) और एनआईटी क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार सामान्य से धीमी दिखाई दी। कई जगहों पर अभिभावकों के वाहन सड़क किनारे खड़े होने से भी यातायात प्रभावित हुआ।

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मेट्रो पर दिखी भीड़

परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन और बल्लभगढ़ बस स्टैंड की ओर रवाना हुए। वहीं दिल्ली और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में जाने वाले विद्यार्थियों की आवाजाही बड़खल मोड़, एनएचपीसी चौक, अजरौंदा, बाटा चौक, संत सूरदास (सिही) और राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशनों पर बढ़ी रही। ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंडों पर भी यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों से अधिक देखी गई।
विज्ञापन


देर शाम तक सामान्य हुई स्थिति

यातायात का दबाव मुख्य रूप से परीक्षा समाप्त होने के बाद के एक-दो घंटों तक रहा। देर शाम अभ्यर्थियों और अभिभावकों के अपने गंतव्य तक पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य होने लगी। हालांकि रविवार को नीट परीक्षा के कारण शहर के परिवहन नेटवर्क पर कुछ समय के लिए अतिरिक्त दबाव जरूर देखने को मिला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें