-आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक बनने वाली सड़क का गौरव गौतम ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नगर परिषद शहर के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक 18 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल रोड परियोजना का शुभारंभ किया गया है। यह परियोजना पलवल के शहरी स्वरूप को नया आयाम देगी और नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराएगी।
प्रदेश सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि योजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक साइकिल ट्रैक और सुरक्षित पैदल पथ का निर्माण होगा, जिससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। परियोजना में हरित पट्टी और सौंदर्यीकरण कार्य भी शामिल हैं, जो शहर के पर्यावरण संतुलन को बेहतर बनाएंगे। बरसात के मौसम में जलभराव से राहत के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। भूमिगत उपयोगी डक्ट बनाए जाएंगे ताकि भविष्य में बार-बार खुदाई की जरूरत न पड़े। प्रमुख चौराहों का आधुनिकीकरण कर यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ किया जाएगा। दिव्यांगजनों के लिए रैंप, टैक्टाइल टाइल्स और स्मार्ट स्ट्रीट फर्नीचर की व्यवस्था भी की जाएगी। नगर परिषद के अनुसार, इस परियोजना से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नागरिकों को सुरक्षित व सुगम यातायात सुविधा मिलेगी। मंत्री ने शहरवासियों से निर्माण कार्य के दौरान सहयोग की अपील की है।