वारदात में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। सीआईए पुलिस ने बंधक बनाकर की गई ब्लाइंड लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। डीएसपी पलवल मनोज वर्मा ने बताया कि सीआईए (एवीटी) हथीन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी ने बताया कि एवीटी हथीन प्रभारी पी/एसआई दीपक गुलिया की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी 20 से 22 वर्ष की आयु के हैं और मेवात व हथीन क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस अन्य संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। गौरतलब है कि जस्ट डायल के माध्यम से दिल्ली की पालम कॉलोनी निवासी पवन राज साहू और अमित पाल को लिफ्ट इंस्टॉलेशन का कार्य के लिए बुलाया गया। 9 जनवरी को जस्ट डायल के जरिए उन्हें लिफ्ट लगाने की इंक्वायरी मिली थी। 12 जनवरी की शाम वे हथीन पहुंचे, जहां बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रिसीव किया। इसके बाद में उन्हें एक कार्यालय और फिर सरसों के खेत में ले जाकर कट्टे के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने उनके मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर बैंक खातों व क्रेडिट कार्ड से 2.10 लाख और 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। इस संबंध में हथीन थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।