फरीदाबाद। मजबूरी आदमी से क्या नहीं कराती। इसका उदाहरण चने वाले बाबा छंगा राम के वायरल हो रहा वीडियो है। वीडियो में सेक्टर-37 स्थित सामुदायिक केंद्र के बाहर चना दाल व झाल मूड़ी बेचने वाले बाबा की आर्थिक परेशानी को साझा कर लोगों से उनकी मदद की गुहार लगाई जा रही है। देखते ही देखते वीडियो दिल्ली के मालवीय नगर के ‘बाबा के ढाबा’ की तरह पूरे सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। ट्विटर पर एक युवक ने इसे फिल्म अभिनेता सोनू सूद को भी टैग कर मदद की अपील की है।
100 से 150 रुपये की आमदनी से हर दिन छह लोग कर रहे गुजारा:
मोडलबंद निवासी 86 वर्षीय छंगा राम सेक्टर-37 हुड्डा मार्केट में चना व झालमूड़ी बेचते हैं। बताते हैं कि लोग उन्हें ‘चना वाला बाबा’ कहते हैं। उनके सहित परिवार में छह लोग हैं। बड़े बेटे की मौत होने और छोटे को लकवा हो जाने के कारण उन्हें इस उम्र में झालमूड़ी बेचकर गुजारा करना पड़ रहा है। छह लोगों के परिवार का पेट भरने के लिए बाबा हर दिन 100 से 150 रुपये कमा पाते हैं। वायरल हो रहे वीडियो में बाबा की कहानी सुनने के बाद न सिर्फ लोग मदद के लिए पहुंच रहे हैं बल्कि सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक शेयर कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर जरूरतमंदों की मदद की गुहार:
दिल्ली के मालवीय नगर में लॉकडाउन के कारण ठप पड़े ‘बाबा के ढाबा’ का वायरल वीडियो उनकी मदद में कारगर साबित हुआ। मीडिया सहित कई बड़ी हस्तियों ने संवेदनशीलता के साथ बुजुर्ग दंपती की मदद की। वायरल वीडियो के प्रभाव को देखते हुए औद्योगिक नगरी में भी लोगों ने ‘चना वाले बाबा’ के नाम से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में शेयर कर दिया।
सोनू सूद को टैग कर लगाई मदद की गुहार
छंगा बाबा के वीडियो को रजत तिवारी नाम के युवक ने फिल्म स्टार सोनू सूद के ट्विटर हैंडल पर टैग कर उनसे मदद की अपील की है। युवक ने उम्मीद जताई है कि सोनू बाबा की अवश्य मदद करेंगे।