अग्रसेन जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह में पहुंचे केंद्रीय मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-28, 29, 30 और 31 की अग्रवाल सभा की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब एक हजार परिवारों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस दौरान कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि अग्रवाल समाज ने उद्योग और व्यापार के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है। इसके साथ ही शिक्षा, चिकित्सा, धर्मशाला, गोशाला, अन्नक्षेत्र और समाजसेवा के क्षेत्र में भी समाज ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के समाजवाद और समानता के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति का विकास भी इन्हीं आदर्शों का हिस्सा है। सांस्कृतिक संध्या में कलाकार अमन नक्षत्र राय ने भजन और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। मुंबई से आईं कलाकार अनुपम दास मित्तल ने महाराजा अग्रसेन के जीवन दर्शन, सामाजिक समानता और एक रुपया-एक ईंट के सिद्धांत को प्रस्तुत किया।
इस दौरान एनआईटी विधायक सतीश फागना, आईएएस कनिष्क अग्रवाल, एसडीएम डॉ. हन्नी बंसल, सिटी प्रेस क्लब के प्रधान बिजेंद्र बंसल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।