पौने आठ करोड़ की लागत से किया जाएंगे विकास कार्य, नए सिरे से बनेंगे फुटपाथ, सड़क चिह्नों के लिए होगा थर्मोप्लास्टिक पेंट
उपायुक्त से लेकर एचएसवीपी व एफएमडीए के अधिकारियों के सेक्टर 12 में हैं कार्यालय
छह माह का रखा गया है समय, जल्द बदलेगी सूरत
मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। शहर की प्रशासनिक राजधानी सेक्टर-12 जल्द ही नई और मजबूत सड़कों के साथ आधुनिक पार्किंग व्यवस्था से लैस होगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने इस क्षेत्र की जर्जर सड़कों और खराब पार्किंग स्थलों को सुधारने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए कार्य छह माह की समय सीमा में पूरा किया जाएगा। इस कार्य में करीब पौने आठ करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस परियोजना के तहत सेक्टर-12 की मुख्य और आंतरिक सड़कों पर गड्ढों को भरने के साथ नई लेयर डाली जाएगी। इससे गड्ढा मुक्त सड़कें होने के साथ नई लेयर डालने से सड़कों की हालत सुधर जाएगी। वहीं सड़क चिह्नों के लिए थर्मोप्लास्टिक पेंट का इस्तेमाल होगा, कैट आई (रिफ्लेक्टर) और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। इससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। अब तक लोग बारिश के दिनों में गड्ढों से भरी सड़कों और टूटे-फूटे पार्किंग स्थलों के कारण परेशान रहते हैं। नई व्यवस्था से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
प्रशासनिक और व्यावसायिक महत्व वाला क्षेत्र
सेक्टर-12 फरीदाबाद का प्रशासनिक व व्यावसायिक केंद्र है। यहां कोर्ट, सरकारी दफ्तर, बैंकों के मुख्यालय और कई संस्थान स्थित हैं। रोजाना हजारों लोग यहां कामकाज के लिए आते हैं। इस कारण यहां जाम और अव्यवस्था आम बात हो गई थी। पार्किंग की कमी और टूटी सड़कों से समस्या और बढ़ जाती थी। अब नई परियोजना के बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान मिलेगा।
बेहतर यातायात और सुरक्षा
नई सड़क लेयर और लेन मार्किंग से वाहनों का संचालन व्यवस्थित होगा। पैदल चलने वालों को भी राहत मिलेगी क्योंकि जगह-जगह कर्ब चैनल और इंटरलॉकिंग टाइल्स से फुटपाथ को नया रूप मिलेगा। रात के समय कैट आई (रिफ्लेक्टिव) पेंट से रोशनी की कमी में भी सड़कें सुरक्षित बनेंगी।
पार्किंग की समस्या का होगा समाधान
परियोजना के तहत पार्किंग स्थलों को भी नया रूप दिया जाएगा। टूटी-फूटी टाइल्स को बदला जाएगा और जगह का उपयोग बेहतर तरीके से किया जाएगा। इससे वाहनों की अनियमित पार्किंग पर रोक लगेगी और मुख्य सड़क पर जाम से भी मुक्ति मिलेगी।
क्षेत्र की छवि बदलेगी
फरीदाबाद के निवासियों का कहना है कि सेक्टर-12 की कई सड़कों की स्थिति लंबे समय से खराब है। अब सड़कें चमकेंगी और पार्किंग सुव्यवस्थित होगी तो लोगों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इससे न केवल स्थानीय लोग बल्कि बाहर से आने वाले आगंतुकों की नजर में भी शहर की छवि सुधरेगी।
विकास के साथ रखरखाव की होगी जिम्मेदारी
खास बात यह है कि कार्य पूरा होने के बाद अगले तीन साल तक सड़कों और पार्किंग का रखरखाव भी एजेंसी के द्वारा किया जाएगा। इस दौरान किसी भी तरह की टूट-फूट या मरम्मत की जिम्मेदारी भी एजेंसी की होगी। इसका फायदा आम जनता को मिलेगा क्योंकि अक्सर देखा जाता है कि निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही समय बाद सड़कें फिर से टूटने लगती हैं। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। प्राधिकरण की तरफ से जिम्मेदारी तय कर दी गई है ताकि समस्या होने पर जवाबदेही भी स्पष्ट हो।
मुंबई एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी भी होगी सरल
एनआईटी व नीलम-बाटा रोड की तरफ से मुंबई एक्सप्रेस-वे की तरफ जाने वाले लोग सेक्टर 12 से होकर ही निकलते हैं। यहां की सड़कें बनने के बाद एक्सप्रेस-वे जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।
दूसरे सेक्टरों के लिए उदाहरण बनेगा सेक्टर- 12
सेक्टर-12 फरीदाबाद की इस परियोजना से इलाके की दशा और दिशा बदलने वाली है। गड्ढों से राहत, सुरक्षित यात्रा, आधुनिक पार्किंग और बेहतर छवि जैसे लाभ सीधे जनता को मिलेंगे। छह माह में काम पूरा होने के बाद यह क्षेत्र शहर की प्रगति का प्रतीक बनकर उभरेगा।
14 अगस्त को पहुंचे थे सीएम
आपको बताते चलें कि फरीदाबाद में अक्सर प्रदेश स्तर व केंद्र स्तर के नेता व अधिकारी आते रहते हैं। कुछ दिन पहले सीएम भी फरीदाबाद पहुंचे थे। इस दौरान तेज बारिश होने के बाद सड़कों पर पानी आ गया था। लेकिन आने वाले दिनों में इस तरह की स्थिति नहीं बनेगी और फरीदाबाद का नाम प्रदेश व राज्य स्तर पर रोशन होगा। अधिकारी इस कार्य को लेकर काफी गंभीर दिख रहे हैं।
फरीदाबाद के विकास के लिए प्राधिकरण लगातार काम कर रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को इस प्रकार की कई परियोजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। - मनोज सैनी, कार्यकारी अभियंता, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण