कोटपुतली से फरीदाबाद लौटते ही दबोचा, रकम की बरामदगी और पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एल-1 शराब गोदाम के 12.50 लाख रुपये कथित रूप से गबन कर भागे कर्मचारी को अपराध शाखा ऊंचा गांव ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान के कोटपुतली में अपने परिचित के यहां छिपकर रह रहा था। जैसे ही वह फरीदाबाद लौटा, पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अदालत ने आरोपी को रकम की बरामदगी और पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। आरोपी की पहचान विनोद पासवान निवासी केशव भाटी सोसाइटी, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। उसे 16 जुलाई को सोसाइटी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-27सी स्थित फायरवाटर स्टोर एल-1/एल-13 के हेड कैशियर आशुतोष कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया कि चार जुलाई को आरोपी को 7.50 लाख रुपये और 11 जुलाई को 5 लाख रुपये, कुल 12.50 लाख रुपये बैंक में जमा कराने के लिए दिए गए थे। 13 जुलाई को रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि रकम बैंक खाते में जमा नहीं हुई। आरोपी का मोबाइल बंद मिला और वह अपने घर से भी गायब था।
जांच में सामने आया कि विनोद पहले भी कई बार फर्म की नकदी बैंक में जमा करा चुका था, इसलिए उस पर भरोसा किया जाता था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर वह नकदी लेकर भाग गया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि वह कोटपुतली में एक परिचित के यहां छिपा हुआ था। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान गबन की गई राशि की बरामदगी और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।