फरीदाबाद। धौज थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर और सिरोही के बीच मंगलवार शाम बारिश के दौरान खेतों में आसमानी बिजली गिर गई। घटना खुले कृषि क्षेत्र में हुई, जिससे आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।
बताया गया कि जिस स्थान पर बिजली गिरी, वहां आसपास खेत और पौधारोपण का क्षेत्र है। उस समय बारिश हो रही थी और तेज चमक के साथ बिजली जमीन पर गिरी। घटना का दृश्य पास के एक स्थानीय निवासी ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो और तस्वीरें क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।