पांच-पांच हजार का लगाया जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाली शटल ट्रेनों में विशेष अभियान चलाकर महिला डिब्बे में अनधिकृत रूप से सफर कर रहे यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की। शटल ट्रेन संख्या 64078 के महिला कोच में यात्रा कर रहे 10 पुरुष यात्रियों को पकड़ा गया।
पकड़े गए पुरुष यात्रियों पर पांच-पांच हजार का जुर्माना लगाया गया है। आरपीएफ अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि महिला कोच सिर्फ महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुरक्षित है, लेकिन शिकायतें लगातार मिल रही थीं कि कुछ पुरुष यात्री नियमों का उल्लंघन करते हुए इसमें बैठ जाते हैं। पकड़े गए यात्रियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और प्रत्येक को पांच हजार रुपये के जुर्माने के साथ चेतावनी देकर रिहा किया गया। आरपीएफ ने कहा कि फरीदाबाद से दिल्ली और पलवल तक चलने वाली अन्य शटल ट्रेनों जैसे 64903 और 64078 पर भी समय-समय पर चेकिंग अभियान जारी रहेगा। महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।