दिन भर लू का दिखा असर, दुकानों व बस स्टॉप पर छांव ढूंढते नजर आए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में रविवार को गर्मी ने फिर लोगों की परीक्षा ली। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सुबह से ही भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिला। चिलचिलाती धूप के कारण दुकानों, बाजारों और बस स्टॉप पर लोग छांव ढूंढते नजर आए।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। हवा की गति दक्षिण-पश्चिम से 10-15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, आगामी दिनों में भी मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही कहा गया है कि गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें जैसे कि पर्याप्त पानी पीए, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की कोशिश करें।