कोर्ट में पेशी पर आया था आरोपी, अपराध शाखा डीएलएफ ने आरोपी को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। डबुआ थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ ने आरोपी रोहित उर्फ फटेला (18) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सुरजावली गांव का रहने वाला है और उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार मृतक आकाश निवासी नंगला एंक्लेव पार्ट-2 और आरोपी रोहित पिछले डेढ़ वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे। करीब ढाई महीने पहले दोनों गुरुग्राम स्थित सहारा मॉल के एक क्लब में पार्टी करने गए थे। जहां आकाश की एंट्री फीस के 500 रुपये रोहित ने चुकाए थे। इसके बाद से वह लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था लेकिन आकाश और उसके परिजनों ने रकम लौटाने से इन्कार कर दिया था।
जांच में सामने आया कि 5 जून को रोहित फरीदाबाद में एक चोरी के मामले की अदालत में पेशी पर आया था। रात करीब साढ़े नौ बजे वह आकाश को घर से अपने साथ ले गया। दोनों ने साथ बैठकर बीयर पी। इसी दौरान पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर रोहित ने सूए से आकाश के पेट और सीने पर कई वार किए तथा बाद में गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। 6 जून की सुबह उड़ीया कॉलोनी में एयरफोर्स स्टेशन के पीछे खाली मैदान में किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस, एफएसएल टीम और तकनीकी जांच की मदद से मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं।