पड़ोसी व उसके साथियों पर घर में घुसकर मारपीट व हत्या करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के एसी नगर में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर तरुण का शव उसके अपने ही घर में चुन्नी से बने फंदे पर लटका मिला। घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। मृतक के पिता ने पड़ोसी व उसके साथियों पर घर में घुसकर मारपीट व हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी राजू की पत्नी और मां को हिरासत में ले लिया है, जबकि आरोपी राजू गायब है। मृतक के पिता सोनू पेशे से ऑटो चालक हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त की शाम करीब चार बजे तरुण का विवाद पड़ोसी राजू के बेटे के साथ हो गया था। दोनों पक्ष के बच्चे हमउम्र और नाबालिग थे। आरोप है कि झगड़े के बाद राजू करीब दो घंटे तक तरुण को पीटने की नीयत से ढूंढता रहा। इसके बाद शाम को राजू अपने साथ तीन अन्य लड़कों को लेकर नकुल के घर पहुंचा। आरोप है कि राजू सीधे छत पर बने कमरे में चढ़ गया, जहां तरुण अकेला था। आरोप है कि आरोपियों ने कमरे में जाकर तरुण के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर शव को चुन्नी से फंदे पर लटका कर भाग गए। परिजनों का कहना है कि तरुण की कद-काठी और ऊंचाई इतनी नहीं थी कि वह खुद इतनी ऊंचाई पर फंदा लगा सके।
मां काम से लौटी तो फंदे पर झूलता मिला बेटा
शाम करीब सात बजे जब तरुण की मां ममता काम से घर वापस लौटी और कमरे का दरवाजा खोला, तो बेटा फंदे से लटका हुआ था। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन एकत्र हुए। वे तुरंत तरुण को बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने बताया कि तरुण पढ़ाई में थोड़ा कमजोर था, जिसके कारण वर्ष 2025 में छठी कक्षा पास करने के बाद उसकी पढ़ाई छुड़वा दी गई थी। इसके बाद से वह अपने बड़े भाई के साथ ही फर्नीचर का काम सीख रहा था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि थाना कोतवाली ने बीके अस्पताल से मिले रुक्के और पिता सोनू की लिखित दरखास्त के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजू की मां और उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।