2 घंटे से अधिक समय तक टीमों ने जांच की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली धमाके की जांच को लेकर अल-फलाह यूनिवर्सिटी में जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और यूपी एटीएस की टीमें यूनिवर्सिटी पहुंचीं। लगभग 2 घंटे से अधिक समय तक टीमों ने यूनिवर्सिटी परिसर में जांच की। इस दौरान यूनिवर्सिटी के कुछ स्टॉफ से भी टीम ने पूछताछ की।
जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि टीमों ने डॉ. उमर, शाहीन, मुज्जमिल के फ्लैट की जांच करने के साथ ही कुछ दस्तावेज की जांच की। टीम ने यहां कार्यरत डॉक्टरों और छात्रों से बातचीत कर कुछ रेकॉर्ड भी चेक किया। सूत्रों की मानें तो जांच एजेंसी अब डाॅ. उमर के नूंह जाने तक के रूट की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है की नूंह आने-जाने के दौरान डाॅ. उमर कहां-कहां रुका और इसमें उसकी मदद किन लोगों ने की।
सूत्रों के अनुसार बीते कुछ दिनों में जांच एजेंसियों ने यूनिवर्सिटी के सर्वर रूम, लैब और क्लासरूम से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्राथमिक विश्लेषण किया है। टीमों ने कई लैपटॉप, हार्ड डिस्क और मोबाइल व लैपटॉप जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी प्रबंधन से स्टाफ की नियुक्ति, गतिविधियों और बाहरी गेस्ट लेक्चरार के रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं। टीमों ने यूनिवर्सिटी प्रशासनिक अधिकारियों और कुछ अन्य लोगों से फिर से पूछताछ की है।