शिक्षा विभाग ने 12 मई से स्कूल, खंड और जिला स्तर पर फेस्ट आयोजित करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय विद्यालयों में 12 मई से कल्चरल फेस्ट आयोजित करने के लिए शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर दिए हैं। स्कूल स्तर से लेकर खंड और जिला स्तर तक होने वाले इस आयोजन को लेकर कागजों में तो तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति उतनी आसान नहीं दिख रही। वजह है जनगणना का काम, जिसमें बड़ी संख्या में अध्यापकों की ड्यूटी लगी हुई हैं।
विभाग के निर्देशों के अनुसार कक्षा पांच से 12वीं तक के छात्र इस फेस्ट में भाग लेंगे। यह आयोजन 12 मई से शुरू होकर 29 अगस्त तक चलेगा। इसके लिए विभाग द्वारा विद्यालयों को राशि भी दी जाएगी। माध्यमिक विद्यालयों को दो हजार, उच्च विद्यालयों को तीन हजार और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को चार हजार रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से हो सके।
हालांकि अध्यापकों का कहना है कि एक तरफ जनगणना जैसे बड़े काम की जिम्मेदारी है, वहीं दूसरी ओर कल्चरल फेस्ट का आयोजन भी करना है। ऐसे में दोनों कामों को एक साथ संभालना मुश्किल होगा। हालांकि उनका कहना है कि विभाग के सभी आदेशों का पालन किया जाएगा और कल्चरल फेस्ट को सही तरीके से सम्पन्न कराने का प्रयास किया जाएगा।
-
अध्यापकों की जनगणना में ड्यूटी लगने के कारण कल्चरल फेस्ट को आयोजित करने में परेशानी हो सकती है। हालांकि सभी अध्यापक विभाग के आदेशों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। -चतरसिंह, जिला प्रधान, प्राथमिक शिक्षक संगठन