फरीदाबाद। जिले में रविवार को दो मेडिकल संस्थानों में टीकाकरण अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की योजना है कि प्रत्येक दिन कम से कम दो हजार व अधिकतम पांच हजार लोगों का टीकाकरण किया जाए। रविवार को 76 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। जिला टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ. रमेश ने बताया कि दूसरे चरण में अब तक कुल आठ हजार लोगों ने वैक्सीनेशन कराया है।
इसमें बुजुर्ग व 45 वर्ष से अधिक उम्र के दीर्घकालीन पीड़ित हैं। इस सप्ताह से टीकाकरण केंद्र बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए जिले के निजी अस्पतालों के साथ ही अब नर्सिंग होम में भी टीकाकरण शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। टीकाकरण के लिए व्यवस्था होने के बाद वैक्सीनेशन शुरू कर दिया जाएगा। मौजूदा समय में 45 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में भी ऑनलाइन टीकाकरण पंजीकरण की व्यवस्था दुरुस्त करने के प्रयास तेज हैं। समस्या दूर होते ही टीकाकरण का व्यापक रुख देखने को मिल सकता है।
रविवार को केवल दो केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को 76 बुजुर्ग व बीमार लोगों ने टीका लगवाया। इसमें, 60 वर्ष से अधिक उम्र के 54 लोग टीकाकरण के लिए पहुंचे। वहीं, 45 से 59 साल तक 22 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
- डॉ. रमेश, टीकाकरण नोडल अधिकारी
कोरोना बचाव के लिए प्रयास लगातार जारी है। कई राज्यों में संक्रमण के मामले बढ़े हैं। इसमें पड़ोसी राज्य पंजाब के साथ राजधानी दिल्ली भी शामिल है। इसलिए प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगाकर संक्रमण से सुुरक्षित कर लिया जाए।
- डॉ. रणदीप पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी