राज्य स्तर कराटे में जिले के खिलाड़ियों का रहा दबदबा, बेटियों का रहा जलवा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कैथल में चल रहे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राज्य स्तरीय कराटे खेलों में पहले दिन जिले के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। इस दौरान जिले की तनिष्का ने अंडर-17 के 40 किलो ग्राम भारवर्ग में खेलते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 26 किग्रा में लाव्या जेमिनी और 50 प्लस किग्रा में हिमांशी ने कांस्य पदक जीता।
तनिष्का ने पूरी प्रतियोगिता में अविजित रहते हुए यह उपलब्धि हासिल की। फाइनल सहित किसी भी मुकाबले में तनिष्का के तेज तर्रार प्रहारों से कोई भी पार नहीं पा सका। तनिष्का ने बताया कि स्वर्ण पदक जीतना बेहद शानदार पल है। इसके लिए ही लगातार प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि वह बहुत खुश हैं, अब नजरें राष्ट्रीय स्तर के खेलों पर रहेंगी।
टीम इंचार्ज नासिर हुसैन और प्रमोद ने बताया कि तीनों ही खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। तीन पदक जिले ने अपने नाम कर लिए हैं लेकिन यह आंकड़ा सिर्फ यहीं नहीं रुकने वाला है। उन्होंने कहा अभी कई और फाइट बची हुई हैं, उनमें भी खिलाड़ियों से पदक की पूरी उम्मीद है। वहीं, जिला खेल शिक्षा अधिकारी हरवीर सिंह और सहायक खेल शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा और ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।