फरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त सोनल गोयल ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों के प्रति सचेत करते हुए इसके विरुद्ध जन-जागरण अभियान चलाने का आह्वान किया है। इसके तहत एनआईटी-1 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित एक समारोह में छात्राओं को प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की शपथ दिलाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश गुप्ता ने निगमायुक्त सहित समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वास दिलाया कि विद्यालय के सभी शिक्षक न केवल विद्यालय के बच्चों को बल्कि आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगे। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के गंभाीर खतरों से भी आमजन को अवगत कराया जाएगा।
जूट व कपड़े के थैले का करें प्रयोग
निग्मायुक्त सोनल गोयल ने पॉलिथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह से बहिष्कार करने और जूट व कपड़े के थैलों का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाजार से सामान उठाकर लाने की सहूलियत देने वाली पॉलिथीन न केवल हमारे पर्यावरण के लिए बहुत हानिकारक है, बल्कि जानलेवा भी है। यह जीवन के लिए जहर है। थोड़ी सी सहूलियत के लिए हम समूचे जीव जगत को खतरे में डाल रहे हैं। समारोह में अन्य के अलावा निगम के अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र कदर्मम, कार्यकारी अभियंता श्याम सिंह, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता हार्दिक, पूनम त्रिखा, दीपा रानी, सरला कुमारी, रामकरण, प्रेम राज और सुधीर आदि रहे।