संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव भाखड़ी में देर रात सिलिंडर फटने की वजह से दादा-दादी और पोते समेत चार लोगों की मौत हो गई है। एक साथ चार लोगों की मौत होने से परिवार के साथ गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों ने बताया कि आज शुक्रवार को ही नकुल का 14वां जन्मदिन था और परिवार के लोग कुछ खास तरीके से जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन इस हादसे ने हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया। हादसे में सुरजीत के भतीजे भोपाल के आठ वर्ष के बेटे पुनीत की हालत नाजुक है। पुनीत के सिर का ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों के अनुसार अभी हालत गंभीर है।
-
नकुल के जन्मदिन पर रखी थी सरप्राइज पार्टी
पोते नकुल का जन्मदिन खास तरीके से मनाने के लिए परिवार के लोग कई दिनों से तैयारी कर रहे थे। लोगों ने बताया कि जन्मदिन को लेकर नकुल भी काफी उत्साहित था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को तहस नहस कर दिया। नकुल अपने चारों भाई बहनों में सबसे बड़ा था।