जिले में फिलहाल 10 मरीज स्थिर, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। फिलहाल जिले में स्वाइन फ्लू के 10 मरीज सामने आ चुके हैं और सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इसके बावजूद संक्रमण से बचाव को लेकर लोगों में लापरवाही देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है, लेकिन इसका असर कम ही दिखाई दे रहा है।
बीके अस्पताल में उपचार और जांच के लिए पहुंचने वाले कई मरीज बिना मास्क के ही परिसर में घूमते नजर आ रहे हैं। अस्पताल में मरीजों की भीड़ के बीच मास्क नहीं लगाने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने के प्रति जागरूक कर रहा है।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भगत ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। खांसी, जुकाम, बुखार, गले में खराश या बदन दर्द जैसे लक्षण होने पर चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने और बीमार होने पर दूसरों के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी।
अस्पताल में बरतें विशेष सावधानी
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अस्पतालों में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में संक्रमण से बचाव के लिए मरीजों और उनके तीमारदारों को मास्क लगाने समेत अन्य सावधानियां बरतनी चाहिए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की स्थिति स्थिर है, लेकिन संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोगों का सहयोग और सतर्कता जरूरी है।