फरीदाबाद। साइबर ठगों ने गैस बिल बकाया और पार्ट टाइम कमाई का झांसा देकर दो लोगों से 6,90,297 रुपये ठग लिए। सेक्टर-आठ निवासी अबनेश कुमार ने बताया कि 10 सितंबर को व्हाट्सएप पर गैस बिल बकाया होने और कनेक्शन काटने का संदेश आया।
इसके बाद कॉल कर एपीके फाइल भेजी गई। फाइल इंस्टॉल कराने के बाद वीडियो कॉल पर स्क्रीन साझा कराई गई। फोन हैक होने के बाद उनके दो बैंक खातों से कुल 6,35,297.57 रुपये निकाल लिए गए। दूसरे मामले में सेक्टर-91 निवासी खुशबु शर्मा को पांच अगस्त को व्हाट्सएप समूह के जरिए टेलीग्राम पर जोड़ा गया। आरोपियों ने होटल की रेटिंग करने पर प्रति टास्क 50 रुपये देने का झांसा दिया। छह अगस्त को पहले पांच हजार रुपये जमा कराने के बाद 5,900 रुपये वापस कर भरोसा बढ़ाया। इसके बाद 45 हजार और 10 हजार रुपये जमा कराए लेकिन रकम वापस नहीं की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों शिकायतों पर साइबर थाना बल्लभगढ़ और साइबर थाना सेंट्रल ने 11 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की हैं। संवाद