फरीदाबाद। अंबाला के वार हीरोज स्टेडियम में आयोजित हरियाणा स्कूल स्टेट तैराकी प्रतियोगिता में फरीदाबाद के अंडर-14 बालक तैराकों ने पांच पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में फरीदाबाद के तैराकों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन किया।
आरेज आसिफ ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में 27.93 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में भी 32.18 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं उज्ज्वल यादव ने 400 मीटर फ्री स्टाइल में 5:06.13 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में गुरसेहज सिंह संधू ने 1:19.10 मिनट का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक जीता। इसके अलावा 4 गुणा 100 मीटर फ्री स्टाइल रिले में फरीदाबाद की टीम ने 4:35.39 मिनट का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। आरेज आसिफ, उज्ज्वल यादव, गुरसेहज सिंह और रुद्र शांडिल्य की टीम ने रजत पदक जीता। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ढिल्लो ने खिलाड़ियों को बधाई दी। सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा ने भी तैराकों के प्रदर्शन की सराहना की। संवाद