फरीदाबाद। जन्माष्टमी के पर्व को लेकर शहर के बाजारों में बृहस्पतिवार को रौनक रही। सुबह से ही मिठाई की दुकानों, किराना बाजारों और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। हालांकि इस बार मिठाइयों के दाम में करीब पांच से दस प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, फिर भी खरादारी में कोई कमी नहीं आई है।
वहीं, दूध, दही, माखन, पंजीरी और फल समेत व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की मांग भी बढ़ गई है। मिठाई विक्रेताओं के अनुसार त्योहार के चलते मांग बढ़ने से कुछ मिठाइयों के दाम बढ़े हैं। बाजार में पेड़ा, बर्फी, लड्डू और मावा से बनी अन्य मिठाइयों की बिक्री अधिक रही। मिठाइयों के अलावा लड्डू गोपाल को सजाने के लिए कपड़े, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, झूले, कंगन और अन्य सजावटी सामान की भी खूब बिक्री हुई। दुकानों पर छोटे-बड़े आकार के लड्डू गोपाल के लिए अलग-अलग डिजाइन की पोशाक उपलब्ध रही। बच्चों और महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार पोशाक और श्रृंगार सामग्री खरीदी। संवाद