यमुना पर 720 मीटर लंबे पुल के लिए पिलर बनाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है
- रिपोर्ट तैयार कर मंत्रालय को भेजी, जनवरी के अंतिम सप्ताह तक मिल सकती है मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से नोएडा एयरपोर्ट को जाने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के 8 किलोमीटर एलिवेटेड रोड का सर्वे पूरा कर लिया गया है। सर्वे रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी गई है। अनुमति के बाद एलिवेटेड रोड का कार्य शुरू होगा। वहीं, यमुना पर 720 मीटर लंबे पुल के लिए हरियाणा की ओर से पिलर बनाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है।
ग्रैप-4 की पाबंदियां हटने के बाद नोएडा एयरपोर्ट जाने के लिए 31.4 किलोमीटर के ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे पर तेजी से कार्य शुरू कर दिया गया था। अब यमुना पर बनने वाले 720 मीटर पुल के लिए हरियाणा की ओर से बेस और पिलर को बनाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। यमुना पर बन रहे 720 मीटर लंबे पुल पर ग्रेटर नोएडा की ओर से बेस और पिलर बनाने का 50 प्रतिशत काम पहले ही पूरा हो चुका था। अब फरीदाबाद की ओर बेस और पिलर बनाने का कार्य आगामी पांच माह में पूरा करने की योजना है।
दूसरी ओर, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की परियोजना में बदलाव के चलते इसमें 8 किलोमीटर का एलिवेटेड रोड बनाया जाना है। इसके बजट में भी बदलाव किया जाना है। ऐसे में एनएचएआई ने इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। बजट में मंजूरी के लिए रिपोर्ट को मंत्रालय भेजा गया है। अनुमान है कि जनवरी के अंतिम सप्ताह तक इसकी मंजूरी मिल सकती है। इसके बाद इस एलिवेटेड रोड पर कार्य शुरू हो सकता है।
-
अप्रैल तक 50 प्रतिशत कार्य पूरा करने की तैयारी
नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान से पहले ग्रीन एक्सप्रेसवे का 50 फीसदी से अधिक काम पूरा करने का एनएचएआई ने लक्ष्य तय किया है। वर्तमान में इस परियोजना का करीब 35 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
-
25 मिनट में पहुंच सकेंगे नोएडा एयरपोर्ट
फरीदाबादवासियों को इस 31.4 किलोमीटर ग्रीन एक्सप्रेस के जरिये नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने में 25 से 30 मिनट का समय लगेगा। एक्सप्रेसवे बनने से इस रोड के दोनों ओर नए ग्रीनफील्ड शहर को भी विकसित किया जाना है। इसके लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण मास्टर प्लान योजना 2040 को बना रहा है। इसमें मेट्रो, मॉल, बाजार, सोसाइटी आदि अन्य सहूलियतें मुहैया कराई जा सकेंगी।
-
22.3 किलोमीटर फरीदाबाद और पलवल में बनना है एक्सप्रेसवे
फरीदाबाद में सेक्टर-65 इंटरचेंज से शुरू होकर यह एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ते हुए जेवर क्षेत्र में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड़ेगा। कुल 31.4 किलोमीटर में से ग्रीन एक्सप्रेसवे का 9.1 किलोमीटर यूपी के हिस्से में आएगा। वहीं, 22.30 किलोमीटर हरियाणा में होगा। इस 22.30 किलाेमीटर में करीब 19 किलोमीटर फरीदाबाद और 3.30 किलोमीटर हिस्सा पलवल में बनेगा।
-
यमुना नदी पर तेजी से चल रहा बेस और पिलर बनाने का कार्य
यमुना नदी पर यूपी की ओर से बेस और पिलर बनाने का करीब 50 प्रतिशत कार्य हो चुका है। अब हरियाणा की ओर से बेस और पिलर बनाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। वहीं, 8 किलोमीटर एलिवेटेड रोड की मंजूरी के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय की अनुमति का इंतजार है। -धीरज सिंह, परियोजना निदेशक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण