उपायुक्त ने तहसीलदारों को कम से कम पांच-पांच मेडिकल स्टोरों की जांच करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अब मेडिकल स्टोरों और नशा मुक्ति केंद्रों की निगरानी बढ़ाई जाएगी। सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और उनकी रिकॉर्डिंग निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम पांच-पांच मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर कैमरों और रिकॉर्डिंग की जांच करनी होगी। प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री रोकने और नशा तस्करी की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए उपायुक्त आयुष सिन्हा ने मंगलवार को अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त मंगलवार को लघु सचिवालय में एन-कॉर्ड एवं चिन्हित अपराधों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से काम करें। पुलिस रिकॉर्ड और खुफिया सूचनाओं के आधार पर नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित किए जाएं। इन क्षेत्रों की संयुक्त सूची तैयार कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में डीसीपी क्राइम जयवीर राठी, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ. हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।