औषधि नियंत्रण विभाग ने अनियमितता मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। औषधि नियंत्रण विभाग ने सोमवार को नंगला, सारन और जवाहर कॉलोनी क्षेत्र में स्थित पांच मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण किया। औषध नियंत्रण अधिकारी संदीप गहलान के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोरों पर बिकने वाले कफ सिरप और अन्य दवाओं के क्रय-विक्रय दस्तावेजों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान किसी भी स्टोर से प्रतिबंधित कफ सिरप तो बरामद नहीं हुआ, लेकिन कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं। कहीं पर फार्मासिस्ट मौजूद नहीं मिला, तो कहीं दवाओं की बिक्री के बिल उपलब्ध नहीं थे। निरीक्षण के बाद पांच मेडिकल स्टोरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। यदि संचालकों की ओर से समय पर संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-वर्जन
जांच के दौरान कई प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं हैं। मेडिकल स्टोर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -संदीप गहलान, औषधि नियंत्रण अधिकारी