दो बार की गई थी म्हारी सड़क एप पर शिकायत
छांयसा। मोहना ओल्ड बस स्टैंड के पास सड़क पर बने गड्ढों को भरने के नाम पर खानापूर्ति की गई है। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर 6 सितंबर और दोबारा 2 नवंबर 2026 को म्हारी सड़क एप पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद गड्ढों में मिट्टी और कंकड़ डालकर उन्हें भर दिया गया, लेकिन तारकोल नहीं डाला गया। ऐसे में वाहन चालकों को जल्द ही दोबारा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीण जितेंद्र का कहना है कि इस तरह अस्थायी मरम्मत करने से सड़क ज्यादा दिन तक ठीक नहीं रह पाएगी। इस कार्य को लेकर सतवीर, मुकेश और ईश्वर नंबरदार ने प्रयास किए। उन्होंने बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रही एपीसीओ कंपनी के अधिकारियों से कई बार मुलाकात के बाद यह काम कराया गया है। फिलहाल मिट्टी डालकर गड्ढे भरे गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इनमें तारकोल डालकर सड़क को बेहतर बनाया जाएगा।