फरीदाबाद। डीडी स्पोर्ट्स अकादमी के मैदान पर शुक्रवार को खेले गए क्रिकेट मुकाबले में सुमेर सिंह स्पोर्ट्स अकादमी ने डीडी स्पोर्ट्स अकादमी को 50 रन से हरा दिया। 30 ओवर के मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी को आई सुमेर सिंह अकादमी की टीम 127 रनों पर ऑल आउट हो गई।
टीम की ओर से आदित्य चौधरी ने 24 जबकि वारिस ने 19 और मंयक ने 18 रनों का योगदान दिया। डीडी स्पोर्ट्स के लिए अनंत, देव, अंशु और मोहित ने दो-दो विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी को आई डीडी स्पोर्ट्स की टीम 21.5 ओवर में 77 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से देवांश ने 21 रन बनाए। इसके अलावा अन्य कोई खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।
सुमेर सिंह अकादमी की ओर से वेदांश बब्बर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में 13 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि प्रयाण और हर्ष को दो-दो विकेट मिले। वेदांश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।