सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अवैध रूप से बने फार्महाउस पर की जा रही है कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आनंद वन में अरावली की तरफ जा रहे रास्ते पर वन विभाग की जमीन अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए फार्म हाउस पर वन विभाग ने नगर निगम के साथ मिलकर कार्रवाई की। रविवार को प्रशासन ने सल्तनत गार्डन व महिपाल गार्डन के बचे हुए हिस्से को भी तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लगातार कार्रवाई जारी है। रविवार को वन विभाग की टीम फरीदाबाद नगर निगम के दस्ते के साथ सुबह करीब 10 बजे 10 बुलडोजर लेकर पहुंच गई थी। प्रशासन की तरफ से शाम करीब 6 बजे तक अवैध फार्म हाउस तोड़ने का सिलसिला जारी रहा। टीम ने 3 एकड़ में बने सल्तनत गार्डन को पूरी तरह तोड़ने के साथ विवादों में रहे 8 एकड़ में बने आलीशान महिपाल गार्डन भी तोड़ दिया। कार्रवाई के बाद डिप्टी कमिश्नर ने मौके पर पहुंचकर मुआना भी किया।
प्रशासन की तरफ से की जा रही कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों की भीड़ अनंगपुर चौक पर बैठी रही। जहां लोग शनिवार की शाम तक धरने पर बैठे रहे थे वहीं रविवार को दोपहर के समय लोग वहां से चले गए थे। पार्षद वीरेंद्र भड़ाना ने बताया कि लोग सुबह से ही चौक पर आ गए थे।