संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। जिले के नूंह-तावडू मार्ग पर पहाड़ी घाटी में बिजली टावर पर फंदा लगाकर एक युवक ने खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान तालीम पुत्र जमालुद्दीन (25)निवासी अकलीमपुर नूंह के रूप में हुई है। वह फिलहाल तावड़ू खंड़ के गांव बावला कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस का दावा है कि गृह क्लेश से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया। घटना रविवार की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सदर नूंह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार सड़क किनारे पहाड़ में चबूतरे के पास टावर पर युवक ने फांसी का फंदा लगा लिया। राहगीरों ने मोबाइल से फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिसके बाद पुलिस को खबर मिली।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि युवक की शव को उतारकर नूंह सीएचसी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तालीम अपनी वैवाहिक रिश्ते को लेकर परेशान था। उसका एक रिश्ता पहले भी टूट चुका था। वह अपनी बहन और मां के साथ बावला कॉलोनी में रहता था। जबकि स्थानीय लोगों के मुताबिक खुदकुशी से पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाया था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं नूंह सदर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि परिजनों ने किसी प्रकार की शिकायत या कोई बयान नहीं दिया है।