सब इंस्पेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धौज थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी एक मुकदमे की जांच के दौरान शिकायतकर्ता के परिवार वालों को परेशान न करने के बदले यह अवैध राशि वसूल रहा था।
विजिलेंस ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार, धौज थाने में शिकायतकर्ता के खिलाफ एक मामला दर्ज है, जिसकी जांच प्रदीप कुमार कर रहे थे। आरोप है कि जांच अधिकारी ने मामले में शिकायतकर्ता के परिवार के अन्य सदस्यों को तंग न करने और उन्हें केस से बाहर रखने की एवज में 25 हजार रुपये की अतिरिक्त रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी सब इंस्पेक्टर इससे पूर्व भी इसी मामले के नाम पर उससे 28 हजार रुपये की रिश्वत ऐंठ चुका था। लगातार बढ़ती अवैध मांग से परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी।
पलवल यूनिट की टीम ने बिछाया जाल
एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि शिकायत की सत्यता की जांच करने के बाद ब्यूरो की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक योजनाबद्ध जाल बिछाया। योजना के मुताबिक, जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी प्रदीप कुमार को रिश्वत के 25 हजार रुपये सौंपे, पहले से मुस्तैद खड़ी विजिलेंस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।