लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं घर के नजदीक मिल सकेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तिगांव, बदरपुर सैद और मोठूका में नए सब सेंटर बनाने की योजना तैयार की है। विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है। इसे महानिदेशक के पास भेजा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही सब सेंटर के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन सब सेंटरों के बनने से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के नजदीक मिल सकेंगी। फिलहाल कई ग्रामीणों को सामान्य जांच और उपचार के लिए दूर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों या अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
कई तरह की जांच की मिलेगी सुविधा
प्रस्तावित सब सेंटरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ कई आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है। अन्य जरूरी जांच और स्वास्थ्य सेवाओं को भी सेंटर में शामिल करने की योजना है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव को डीजी हेल्थ की मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मंजूरी के बाद स्थान, निर्माण और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर सब सेंटरों का निर्माण कराया जाएगा। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और लोगों को प्राथमिक उपचार की सुविधा उनके नजदीक उपलब्ध कराना है।
-
वर्जन
नए सब सेंटर बनने से आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। - डॉ. एमपी सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी