थार और ट्रैक्टर को लोहे की चेन से बांधकर ताकत आजमाने का वीडियो हुआ था वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। फिरोजपुर झिरका खंड के रीगड़-अगोन रोड पर बीचोंबीच थार और ट्रैक्टर को लोहे की चेन से बांधकर ताकत आजमाने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। साथ ही दोनों चालकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों चालकों के बीच इस बात को लेकर चैलेंज हुआ था कि आखिर ज्यादा ताकतवर कौन है- थार या ट्रैक्टर। इसी चुनौती को साबित करने के लिए दोनों ने सार्वजनिक सड़क पर थार और ट्रैक्टर को लोहे की चेन से बांधकर जोर-आजमाइश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद ट्रैक्टर संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वायरल वीडियो में कई लोग सड़क किनारे खड़े होकर इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आए। जिस सड़क पर यह खतरनाक स्टंट किया गया, वहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। यदि उसी समय कोई राहगीर या वाहन वहां से गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टंट में इस्तेमाल की गई थार और ट्रैक्टर को जब्त कर दिया। जांच के दौरान थार चालक की पहचान अनवर निवासी हसनपुर बिलोंडा तथा ट्रैक्टर चालक की पहचान शाहिद निवासी अगोन के रूप में हुई है। दोनों चालकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ निवारक कार्रवाई करते हुए पाबंद किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट या शक्ति प्रदर्शन से बचें। ऐसी लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि किसी भी समय बड़े हादसे और जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है।
फोटो: पुलिस हिरासत में थार व ट्रैक्टर तथा उनके चालक।