संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान छात्रों को सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर प्रेरित किया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा । जिनमें रक्तदान शिविर, पौधरोपण, योग शिविर, प्लास्टिक मुक्त अभियान, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता, स्वच्छता पखवाड़ा, लोक नृत्य एवं संगीत प्रतियोगिता आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था भी की जाएगी।
छात्रों को स्वैच्छिक गतिविधियों के लिए मेरा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रेरित किया जाएगा और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें छात्रों को 2100, 1500 और 1100 रुपये तक के पुरस्कार मिलेंगे।
ओल्ड फरीदाबाद महिला आईटीआई की प्राचार्या संतोष कुमारी ने कहा कि कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के जारी आदेश के अनुसार, सभी संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करें और निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सेवा पखवाड़े का उद्देश्य युवाओं में समाजसेवा, नेतृत्व क्षमता, पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, जिससे वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।