संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय विद्यालयों में सोमवार को नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन किया गया। पहले दिन नौवीं के विद्यार्थियों ने हिंदी की परीक्षा दी, जबकि 11वीं के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी की परीक्षा में भाग लिया। जिले से करीब 20 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए निरीक्षकों और केंद्र अधीक्षकों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। विभाग के अधिकारियों ने भी विभिन्न केंद्रों का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए गए थे। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कक्षा नौवीं की परीक्षाएं छह मार्च तक चलेंगी, जबकि 11वीं की परीक्षाएं 13 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। सभी विषयों की परीक्षाएं निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कराई जाएंगी।