अटल टिंकरिंग लैब में विशेषज्ञ सिखाएंगे एआई और थ्रीडी प्रिंटिंग, पढ़ाई के साथ मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब आधुनिक तकनीक सीखने के लिए निजी संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्कूलों में ही उन्हें रोबोट बनाने, मशीनों को चलाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को समझने का अवसर मिलेगा।
इसके लिए अटल टिंकरिंग लैब में विशेषज्ञों की मदद से विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए विद्यार्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने इस संबंध में स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित सरकारी स्कूलों में निजी कंपनी के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, डिजाइन थिंकिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, एआई और थ्रीडी प्रिंटिंग की जानकारी देंगे। योजना के तहत बच्चे केवल तकनीक के बारे में पढ़ेंगे ही नहीं, बल्कि लैब में मौजूद उपकरणों की मदद से खुद प्रयोग भी करेंगे। वे अपने विचारों को मॉडल के रूप में तैयार कर सकेंगे। इससे उनमें नई चीजें बनाने और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित होगी।
प्रशिक्षण को नियमित बनाने के लिए स्कूलों को अपनी समय-सारिणी में अलग से पीरियड शामिल करना होगा। इससे दूसरे विषयों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी। स्कूल मुखियाओं को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रधानाचार्य को शपथ पत्र देकर इसकी पुष्टि करनी होगी। जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) प्रशिक्षण की निगरानी करेंगे। उन्हें हर 30 दिन में मुख्यालय को रिपोर्ट भेजनी होगी। इसमें प्रशिक्षण की प्रगति और विद्यार्थियों की भागीदारी की जानकारी देनी होगी।