दोपहर साढ़े बारह बजे से साढ़े तीन बजे तक चली परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के 79 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। इस दौरान करीब 11 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्था की गई। एनआईटी-5 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा के दौरान पुलिस के चार-चार जवान मौजूद रहे। वहीं, परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र से बाहर निकल रहे परीक्षार्थियों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते हुए परीक्षार्थी आपस में परीक्षा को लेकर चर्चा करते दिखे। परीक्षार्थियों के अनुसार गणित की परीक्षा के मुकाबले अंग्रेजी की परीक्षा काफी आसान थी। पेपर में आए सभी प्रश्न पाठ्यक्रम से ही आए थे। उसमें अंग्रेजी व्याकरण के प्रश्न काफी आसान थे। परीक्षा दोपहर साढ़े बारह बजे से शुरू होकर साढ़े तीन बजे तक चली। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों के अभिभावक परीक्षा समाप्त होने का इंतजार करते दिखे।
लीगल विषय का प्रश्न पत्र रहा आसान
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं की लीगल स्टडी विषय की परीक्षा भी सोमवार को संपन्न हुई। इसमें दौरान परीक्षार्थियों की संख्या कम होने के कारण जिले में कुछ ही केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई। सेक्टर-15 स्थित विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल के बाहर निकलते परीक्षार्थी काफी खुश दिखे। परीक्षार्थियों के अनुसार प्रश्न पत्र आसान था लेकिन बहु विकल्पीय प्रश्न पेचीदा थे। ऐसे में इन प्रश्नों को हल करने में थोड़ा समय लगा। परीक्षा के बाद केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थी आपस में चर्चा करते दिखाई दिए।
परीक्षार्थियों से बातचीत
गणित के प्रश्न पत्र के मुकाबले अंग्रेजी का प्रश्नपत्र काफी आसान था। इस लिए प्रश्न पत्र को हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। -
प्रणव सिंह
पेपर में आए अंग्रेजी व्याकरण लेख के सभी प्रश्न काफी आसान थे, जिसे आसानी से हल कर लिया। -
स्वाती
अंग्रेजी की परीक्षा के लिए कई दिनों से तैयारी कर रही थी लेकिन जब प्रश्नपत्र देखा तो वह आसान था। -
कोमल
गणित के पेपर में कई प्रश्न पाठ्यक्रम के बाहर से आए थे, जिससे पेपर खराब हो गया था लेकिन अंग्रेजी का प्रश्नपत्र काफी आसान था। उसे आसानी से हल कर लिया। -
दक्ष