रात से घर से लापता थी किशोरी, हत्या का मामला दर्जकर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बाईपास रोड स्थित सेक्टर-12 में एक ट्यूबवेल पर बृहस्पतिवार सुबह पानी भरवाने गए नगर निगम के पानी के टैंकर में 12वीं कक्षा की छात्रा का शव मिला। प्राथमिक जांच में पुलिस ने हत्या कर छात्रा के शव को पानी के टैंकर में फेंकने की आशंका जाहिर की है। किशोरी 30 अक्तूबर की देर रात से घर से लापता थी। कोतवाली थाना की पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
नीलम-बाटा रोड के किनारे एसी नगर में छात्रा परिवार के साथ रहती थी। छात्रा एनआईटी स्थित एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं की छात्रा थी। छात्रा के पिता ने पुलिस को दी जानकारी में बताया है कि वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थी। वह घर में उदास रह रही थी। इस बाबत उससे कई बार परेशानी के कारण पूछा गया लेकिन उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया। 30 अक्तूबर की देर रात वह किसी को बिना कुछ बताए घर से कहीं चली गई। सुबह तक उसकी तलाश की गई। साथ ही रिश्तेदारों और अन्य जानकारों से भी पूछा गया लेकिन उसका पता नहीं चला। परिजन ने हारकर कोतवाली थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। बृहस्पतिवार सुबह छात्रा का शव सेक्टर-12 में बाईपास रोड स्थित एक ट्यूबवेल पर खड़े नगर निगम के पानी के टैंकर में मिला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
सेक्टर-12 में बाईपास रोड स्थित एक ट्यूबवेल पर खड़े नगर निगम के पानी के टैंकर में छात्रा का शव मिला। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की। पुलिस की प्राथमिक जांच में गले पर निशान मिले हैं। वहीं, गले में चुन्नी भी मिली है। आशंका है कि छात्रा की गला घोंटकर हत्या की गई है। छात्रा के पिता ने भी बेटी की हत्या की आशंका जाहिर की है। माना जा रहा है कि आरोपी ने वारदात छिपाने के लिए किशोरी को मारकर टैंकर के अंदर शव छिपाया।
जिला प्रशासन की ओर से जिले में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया था। निगम की ओर से सड़क पर पानी के छिड़काव के लिए निगम का एक टैंकर सड़क पर पानी का छिड़काव करने गया था। पानी का छिड़काव करने के बाद जब टैंकर चालक दोबारा पानी भरने सेक्टर-12 स्थित एक ट्यूबवेल पर गया। पानी भरते समय टैंकर में बनाए नल से एक चुन्नी बाहर निकलते हुए चालक को दिखी। आशंका होने पर चालक टैंकर के ऊपरी भाग को खोलकर देखा तो उसमें एक किशोरी का शव पड़ा था।
टैंकर काटकर शव निकाला
सूचना पर बीपीटीपी थाना के अलावा सेक्टर-आठ थाना की पुलिस के साथ डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। साथ ही टैंकर को गैस कटर से काटकर शव को बाहर निकाला गया। इसमें करीब दो घंटे से अधिक समय लगा। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि एसी नगर से एनआईटी तीन और सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर से बाईपास रोड स्थित ट्यूबवेल तक जितने भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस उन कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान के साथ तलाश में जुटी है। मामले की जांच में कोतवाली थाना की पुलिस के अलावा दो क्राइम ब्रांच की टीम भी लगी है।