फरीदाबाद। शुक्रवार रात ग्रेटर फरीदाबाद स्थित प्रिंसिस पार्क सोसाइटी की छठी मंजिल से गिरकर दसवीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव बुढैना निवासी ममता चंदीला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
थाना खेड़ी पुल प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि गांव बुढैना निवासी विकास के चार बच्चे सेक्टर 86 प्रिंसिस पार्क सोसाइटी में ट्यूशन पढ़ते हैं। शुक्रवार को उनकी बड़ी बेटी ममता व पूजा ट्यूशन गए थे। ममता की टीचर मेधावी का फ्लैट दूसरी मंजिल पर है। ममता अचानक से उठकर फ्लैट से बाहर निकल गई। कुछ देर तक जब वह नहीं आई तो उसकी बहन पूजा व अन्य बच्चे भी बाहर निकले। ममता नीचे जाने की बजाय ऊपर की तरफ गई थी। छठी मंजिल की सीढ़ियों से पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरी। आनन फानन में उसे सेक्टर 16 निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी है।