जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है। उपायुक्त आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में रोड सेफ्टी को लेकर समीक्षा बैठक हुई, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में तय किया गया कि अब गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर केवल चालान ही नहीं किया जाएगा, बल्कि उनके वाहन भी जब्त भी किए जाएंगे। खासकर नेशनल हाईवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर इस नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा।
दुर्घटनाओं को कम करने के लिए एलसन चौक, जेसीबी और अनाज मंडी जैसे संवेदनशील स्थानों पर 20 दिनों के भीतर ग्रिल और फाइबर शीट लगाई जाएंगी, ताकि लोग अवैध तरीके से सड़क पार न कर सकें। डीसी ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह के भीतर सड़क सुरक्षा ऑडिट पूरा करें और उसकी रिपोर्ट सौंपें। साथ ही, जहां-जहां सड़क पर गड्ढे, टूटी ग्रिल, खराब साइन बोर्ड या लाइट की समस्या है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि लोग पहले से सतर्क हो सकें। बैठक में बताया गया कि एनएचएआई ने अपने ज्यादातर सुधार कार्य पूरे कर लिए हैं, जबकि अन्य एजेंसियों को काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।