रेहड़ी वालों को आठ योजनाओं का मिलेगा लाभ
- 18057 आवेदन मिले, पात्रों को योजना में शामिल करने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वालों को समृद्धि योजना से जोड़ा जा रहा है। नगर निगम को बुधवार तक 18057 आवेदन मिल चुके हैं। इसमें पात्रों को ‘स्वनिधि से समृद्धि’ के तहत केंद्र की आठ योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। अभी तक 3000 लोगों को स्वनिधि से समृद्धि से जोड़ा जा चुका है। इसके लिए 15 जुलाई तक बैंकों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
नगर निगम रेहड़ी-पटरी वालों को एक तय जगह (स्ट्रीट वेेंडिंग जोन) उपलब्ध करा रहा है। शहर में 72 जगहों को वेंडिंग जोन बनाने के लिए उपयुक्त पाया गया है। हालांकि अभी नगर निगम ने 12 जगहों पर वेंडिंग जोन बनवाए हैं। अब पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत दोबारा से रेहड़ी-पटरी वालों का पंजीकरण चल रहा है। बुधवार तक 18057 लोगों के आवेदन मिले चुके हैं। इसमें से 16615 आवेदनों को मंजूरी मिल गई है। करीब पांच हजार लोगों को बैंकों से ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। केंद्र की आठ योजनाओं में पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा, पीएम जनधन योजना, पीएम श्रमयोगी मानधन योजना, जननी सुरक्षा योजना, वन नेशनल वन राशन कार्ड, रजिस्ट्रेशन अंडर बीओसीडब्ल्यू व प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल है।
वर्जन-
‘स्वनिधि से समृद्धि’ के तहत पात्रों को केंद्र की आठ योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके लिए पात्रों के बैंक खाते अन्य योजनाओं से जोड़े जा रहे हैं। 15 जुलाई तक बैंकों में शिविर लगाए जा रहे हैं।
-द्वारिका प्रसाद, शहरी परियोजना अधिकारी नगर निगम