अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आप के कुछ सांसदों के पार्टी छोड़ने की खबर के बीच फरीदाबाद इकाई में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला अध्यक्ष रविंद्र फौजदार ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और आगे की रणनीति तय की।
बैठक में फौजदार ने कहा कि इस तरह के घटनाक्रम से पार्टी की मजबूती और कार्यकर्ताओं के मनोबल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है बल्कि यह कार्यकर्ताओं और विचारधारा पर आधारित संगठन है। ऐसे में यदि कुछ लोग व्यक्तिगत कारणों से पार्टी छोड़ते हैं तो इससे संगठन की जड़ों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।