फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: सेक्टर-16 में कैमरे की निगरानी में हो रही स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई

विज्ञापन
विज्ञापन
मानसून में जलभराव रोकने के लिए अभियान अंतिम चरण में, डेढ़ किमी लाइन की सफाई शेष
विज्ञापन



अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने सेक्टर-16 में स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई का काम अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। इस अभियान की खास बात यह है कि पूरी सफाई प्रक्रिया की कैमरे से निगरानी की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लाइन के भीतर कहीं भी सिल्ट या अन्य अवरोध शेष न रह जाए। नगर निगम के अनुसार, सेक्टर-16 में करीब 11 किलोमीटर लंबी स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्से में काम अभी बाकी है। इसे भी जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्टॉर्म वाटर लाइन और नालों की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। बारिश के मौसम में जिन इलाकों में जलभराव की संभावना अधिक रहती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है। सेक्टर-16 में पिछले कुछ समय से लगातार मशीनों और कर्मचारियों की मदद से सफाई की जा रही है। कार्यकारी अभियंता (ओल्ड जोन) संजीव कुमार ने बताया कि स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई के बाद कैमरे के माध्यम से पूरी पाइपलाइन की जांच की जा रही है।
विज्ञापन


11 किलोमीटर लंबी लाइन से निकाली सिल्ट
अधिकारियों के अनुसार, अब तक करीब 11 किलोमीटर लंबी स्टॉर्म वाटर लाइन से जमा सिल्ट और गंदगी को निकाल दिया गया है। वर्षों से जमा सिल्ट के कारण कई स्थानों पर बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता था, जिससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन जाती थी। सफाई पूरी होने के बाद लाइन की जल निकासी की क्षमता बढ़ेगी और बारिश के दौरान पानी का प्रवाह पहले की तुलना में अधिक सुचारु रहेगा। निगम का कहना है कि शेष डेढ़ किलोमीटर हिस्से का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष फोकस

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में स्टॉर्म वाटर लाइन और नालों की सफाई तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाए। साथ ही सभी कार्यों की नियमित निगरानी कर गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विज्ञापन


लोगों से भी सहयोग की अपील
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्टॉर्म वाटर लाइन, नालों और ड्रेन में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, मलबा या अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। अधिकारियों का कहना है कि सफाई के बावजूद यदि नालों और लाइनों में दोबारा कचरा डाला जाएगा तो जल निकासी प्रभावित होगी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या फिर से पैदा हो सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें