फरीदाबाद। जिले में पिछले दो दिनों से बारिश होने के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। सोमवार शाम को बारिश के बाद मंगलवार सुबह तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण जिले के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और तापमान 40 डिग्री से घटकर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मंगलवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। सुबह करीब 9:30 बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसके कुछ ही देर बाद तेज बरसात शुरू हो गई। करीब 30 से 45 मिनट तक हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश के बाद दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। सुबह जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं बारिश के बाद यह घटकर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि दोपहर बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई और यह 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन मौसम में पहले जैसी तपिश महसूस नहीं हुई। दिनभर हल्की धूप और ठंडी हवाओं के चलते मौसम खुशनुमा बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। विभाग ने 20 जून तक बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में लोगों को उमस भरी गर्मी से और अधिक राहत मिल सकती है।