एक्सप्रेसवे से सटे क्षेत्रों की सुरक्षा पर उठे सवाल
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फरीदाबाद। थाना सेक्टर-31 क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बृहस्पतिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब असामाजिक तत्वों ने बाईपास की ओर से कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी एक कार पर पत्थर बरसा दिए। अचानक हुए पथराव से कार का शीशा टूट गया और वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना से कॉलोनीवासियों में दहशत फैल गई और एक बार फिर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय निवासी राजेश ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के साथ बने हिस्से के पास देर शाम के बाद अक्सर संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। अंधेरा होते ही कुछ लोग एक्सप्रेसवे किनारे बनी दीवार पर बैठ जाते हैं और राहगीरों व वाहनों पर पत्थर फेंकते हैं। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
पीड़ित वाहन मालिक राजिंदर बिष्ट ने बताया कि पत्थर इतनी जोर से लगा कि अचानक तेज धमाका हुआ। काफी डर का माहौल बन गया। तुरंत डायल -112 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे बनने के बाद इस तरफ वाहनों की आवाजाही तो बढ़ी, लेकिन सुरक्षा इंतजामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। दीवार का कुछ हिस्सा खुला होने से बाहरी लोग आसानी से कॉलोनी में झांक लेते हैं और अक्सर दीवार पर बैठकर असामाजिक गतिविधियों में लगे रहते हैं।
शुक्रवार सुबह जब पीड़ित गाड़ी मालिक अन्य निवासियों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो एसएचओ विवेक मालिक ने मामले की गंभीरता देखते हुए तत्काल एनएचएआई से संपर्क किया। अधिकारियों ने बताया कि अगले 2-3 सप्ताह के भीतर एक्सप्रेसवे की साइड पर उत्पन्न समस्या का स्थायी समाधान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।