जांच के बाद बिल्डर कंपनी व निदेशकों पर प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फ्लैट बेचने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि बुक करने के 11 साल बाद भी उसे फ्लैट नहीं मिला है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिक जांच के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने बिल्डर कंपनी व निदेशकों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत अंबाला सिटी के रहने वाले प्रतीक ने बिल्डर कंपनी मेसर्स कालका होम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ दी। शिकायत में कहा गया कि प्रतीक ने साल 2015 में भिवाड़ी स्थित कालका-द पर्ल प्रोजेक्ट में 2 बीएचके फ्लैट बुक किया था। फ्लैट की कीमत 25 लाख रुपये तय की गई थी। सबवेंशन स्कीम के तहत उन्होंने डेढ़ लाख रुपये जमा किए। बिल्डर ने पजेशन तक प्री-ईएमआई देने का वादा किया था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 11 साल बाद भी फ्लैट नहीं मिला है। साइट पर कोई निर्माण कार्य भी नहीं चल रहा। बिल्डर कंपनी व उसके अधिकारी कोई जवाब भी नहीं दे रहे। मामले में अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।